
नेताजी की देशभक्ति और बलिदान से हमें सदैव प्रेरणा मिलती है- श्रीमती गुहाटिया
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर, उन्हें श्रृद्धासुमन अर्पित
‘‘पराक्रम दिवस’’ मनाया गया
आगर-मालवा, 23 जनवरी/नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की 125 वीं जयंती आज 23 जनवरी को ‘‘पराक्रम दिवस’’ के रुप मनाया गया। पराक्रम दिवस के अवसर पर आज शनिवार को कलेक्टर कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कलाबाई गुहाटिया के मुख्य आतिथ्य एवं कलेक्टर श्री अवधेश शर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित कर नेताजी सुभाषचन्द्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर श्रृद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस एवं राष्ट्र के लिए उनके निःस्वार्थ सेवा का स्मरण किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती गुहाटिया ने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस का स्वतंत्रता संग्राम में अमूल्य योगदान है। उनके अदम्य साहस एवं वीरता के सम्मान में आज पूरा देश पराक्रम दिवस मना रहा है। उन्होंने आजादी के लिए जो लड़ाई लडी़, वह उम्मीद और देशभक्ति की एक मिसाल बन गए। उनकी देशभक्ति और बलिदान से हमें सदैव प्रेरणा मिलती है।
कलेक्टर श्री शर्मा ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेताजी में देशभक्ति का एक अलग नजरिया था, उन्होंने मातृभूमि की खातिर अपना घर और आराम का त्याग कर दिया था। अंग्रेजो से लड़ाई के लिए नेताजी ने आजाद हिन्द का गठन किया। इसके सैनिकों ने भारत की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावार कर दिया। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस का स्वाधीनता में योगदान अविस्मरणीय है। आजादी में दिए गए उनके योगदान के हम सदैव ़ऋणी रहेंगे।
कार्यक्रम में एसडीएम राजेन्द्र सिंह रघुवंशी, संयुक्त कलेक्टर अवधेश कुमार शर्मा, जनप्रतिनिधि श्री पर्वतलाल गुहाटिया सहित कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अध्यापक श्री रजनीश स्वर्णकार ने किया तथा आभार संयुक्त कलेक्टर अशफाक अली द्वारा माना गया।